पूर्वी सिंहभूम: जिले के गुड़ाबांदा थाना पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर गौरांगपुर गांव स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी कर पुलिस ने 1.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। मौके से दुकान संचालक शक्तिपद उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, लंबे समय से किराना दुकान की आड़ में गांजा बेचने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने अचानक छापा मारकर दुकान की तलाशी ली, जहां से छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
जांच के दौरान ओडिशा के मयूरभंज जिले के रहने वाले ‘हानू’ नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिस पर इलाके में गांजा की सप्लाई करने का आरोप है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत शक्तिपद उपाध्याय, हानू तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

