जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूल ऑटो और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक घायल हो गया, जबकि ऑटो में सवार सभी स्कूली बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल बच्चों को लेकर जा रहा ऑटो अपने निर्धारित मार्ग पर था। इसी दौरान एक बाइक सवार डिवाइडर की कटिंग से सड़क पार करने के लिए मुड़ा। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। इस दौरान कुछ लोगों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट भी कर दी। सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ऑटो चालक और ऑटो में सवार बच्चों को थाने ले गई, जहां घटना की जानकारी ली गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी स्कूली बच्चे को चोट नहीं आई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यदि किसी पक्ष की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

