रांची: झारखंड में नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में राज्य सरकार अब स्कूलों और कॉलेजों में भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद शिक्षा विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा राज्य के विश्वविद्यालयों को नियमित रूप से नशा विरोधी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।


‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत शिक्षकों और प्राध्यापकों से छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। इसी क्रम में रांची के मारवाड़ी कॉलेज में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जहां छात्रों ने नशा मुक्त रहने की शपथ भी ली।
राज्य सरकार पहले से संचालित ‘नशा मुक्त झारखंड अभियान’ को अब शैक्षणिक संस्थानों तक विस्तार दे रही है। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार, रैलियां, काउंसलिंग सत्र और नशा मुक्ति क्लब बनाए जाएंगे। साथ ही एनएसएस, एनसीसी और अन्य युवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार का कहना है कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार, स्वस्थ और जागरूक नागरिक बनाना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

