जमशेदपुर में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 88 लीटर फर्जी शराब बरामद, आरोपी फरार

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध एवं नकली शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में संचालित एक मिनी नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान विभाग ने करीब 88 लीटर नकली विदेशी शराब के साथ शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त के नेतृत्व में की।

जांच के दौरान एक अर्द्धनिर्मित मकान से करीब 70 लीटर रंगीन नकली शराब तथा 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब दो कार्टन में बरामद की गई। इसके अलावा विभिन्न ब्रांडों के सीलिंग कॉर्क, बोतलों के ढक्कन, फ्रंट और बैक लेबल, शराब को रंग और स्वाद देने के लिए इस्तेमाल होने वाला कैरमेल तथा अन्य पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की गई।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि नकली शराब को नामी ब्रांड की बोतलों में पैक कर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी थी। मामले में शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी बिट्टू कुमार महतो के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा लोगों से नकली शराब की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।