एनकाउंटर में मारे गए सुजीत सिन्हा का पोस्टमार्टम संपन्न, शव से दो गोलियां बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा का पोस्टमार्टम सोमवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया गया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया तीन डॉक्टरों की टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान मजिस्ट्रेट सह जोनल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू भी मौजूद रहे।

पोस्टमार्टम डॉ. दुर्गेश झा, डॉ. विशाल और डॉ. मिक्की मांझी की टीम ने किया। प्रक्रिया दोपहर 1:30 बजे शुरू हुई और करीब 2:30 बजे समाप्त हुई। डॉक्टरों ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान शव से दो गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा शरीर पर कई चोटों के निशान भी पाए गए हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, शरीर पर मिले सभी घावों और चोटों के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि कुछ गोलियां शरीर को आर-पार कर गई थीं।

पोस्टमार्टम के बाद सुजीत सिन्हा के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इस दौरान उनकी सास उषा देवी और साले आयुष कुमार मौजूद रहे। उषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं आयुष कुमार ने बताया कि सुजीत सिन्हा का 12 वर्षीय बेटा फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।