आदित्यपुर दुर्गा पूजा 2026: ‘पुरानी हवेली’ थीम पर बनेगा भव्य पंडाल, भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू

Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर के एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान परिसर में सोमवार को प्रवीण सिंह सेवा संस्थान द्वारा विधि-विधान के साथ दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। वर्ष 1980 से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा।

संस्थान के संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि इस वर्ष पंडाल का निर्माण ‘पुरानी हवेली’ थीम पर किया जा रहा है। पंडाल के बाहरी और आंतरिक हिस्से को मंदिर शैली और हल्के काले रंग के संयोजन से सजाया जाएगा। इसके साथ ही मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं और कलाकृतियां स्थापित की जाएंगी। पंडाल को भव्य स्वरूप देने के लिए कोलकाता के प्रसिद्ध मूर्तिकारों और लाइटिंग विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि पूजा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष जोर रहेगा। पंडाल परिसर में स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं, मां पार्वती डेकोरेटर्स के निदेशक अशोक कुमार डे ने बताया कि लगभग 25 से 30 लाख रुपये की लागत से 60 से 70 फीट ऊंचा पंडाल बनाया जा रहा है, जिसे महालया तक पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।