रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में JPSC के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांगते सोमवार को एक बार फिर पूछताछ के लिए CID मुख्यालय पहुंचे। इस मामले में जांच एजेंसी ने उनसे चौथी बार पूछताछ की।


सूत्रों के अनुसार, इस बार की पूछताछ पूर्व में दर्ज बयानों, जब्त दस्तावेजों, OMR शीट, डिजिटल साक्ष्यों तथा परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर की गई। जांच एजेंसी परीक्षा संचालन, डेटा प्रोसेसिंग एजेंसी के चयन, OMR शीट की प्रक्रिया और आयोग के प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर उनसे जवाब मांग रही है।
इससे पहले भी CID एल. खियांगते से कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। एक चरण में उनसे करीब 8 से 9 घंटे तक लगातार सवाल-जवाब किए गए थे। जांच एजेंसी का मानना है कि अब तक मिले साक्ष्यों से कई नए तथ्य सामने आए हैं, जिन पर स्पष्टीकरण आवश्यक है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले CID ने एल. खियांगते के सरकारी आवास, JPSC कार्यालय और अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी। इसके बाद उन्होंने JPSC अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने निष्पक्ष जांच के हित में स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है और जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देंगे। मामले में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है।

