रांची: झारखंड में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र राजधानी रांची में आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय होनी चाहिए ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर मिल सके।
इसी बीच कॉनक्रोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपे ने वीडियो कॉल के माध्यम से आंदोलनरत छात्रों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन का समर्थन किया और कहा कि सरकार तथा संबंधित आयोगों की जिम्मेदारी है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करें।
वहीं, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने के बाद आंदोलन को और मजबूती मिली है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

