JPSC-JSSC आंदोलन: अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी, चार प्रमुख मांगें पूरी होने पर आंदोलन समाप्त करने की घोषणा

Spread the love

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और धरना जारी है। आंदोलन में शामिल सैकड़ों छात्रों को विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की ओर से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में न केवल झारखंड बल्कि अन्य राज्यों से भी लोग ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के माध्यम से भोजन भेज रहे हैं। वहीं शंकरा हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन द्वारा धरनास्थल पर प्रतिदिन दो समय निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की जा रही है।

आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि सरकार उनकी चार प्रमुख मांगें स्वीकार कर लेती है तो वे आंदोलन समाप्त करने पर विचार करेंगे। इन मांगों में 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा कराना, JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच, पारदर्शी परीक्षा कैलेंडर जारी कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना तथा अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई शामिल हैं।

छात्रों ने यह भी मांग की है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली रोकने के लिए बने सख्त कानून का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।