रांची जगन्नाथपुर मेला टेंडर विवाद: 2023 से 2026 तक की निविदाओं की निष्पक्ष जांच की मांग

Spread the love

रांची: जगन्नाथपुर मेला 2026 के समापन के बाद मेले के आयोजन को लेकर नया विवाद सामने आया है। अधिवक्ता हर्ष कुमार ने उपायुक्त को शिकायत पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि मेले के ठेकेदार ने टेंडर की शर्तों के अनुरूप पूरी राशि जमा नहीं की। साथ ही वर्ष 2023 से 2026 तक की सभी टेंडर प्रक्रियाओं की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2026 में मेले के आयोजन का ठेका 2 करोड़ 27 लाख रुपये में दिया गया था। टेंडर की शर्तों के तहत ठेकेदार को तीन दिनों के भीतर 50 प्रतिशत यानी 1 करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करने थे। इसके अलावा 56 लाख 75 हजार रुपये की बैंक गारंटी तथा शेष 56 लाख 75 हजार रुपये मेले की समाप्ति तक जमा करना अनिवार्य था।

शिकायत में दावा किया गया है कि ठेकेदार ने अब तक केवल 1 करोड़ रुपये ही जमा किए हैं। साथ ही वर्ष 2023, 2024 और 2025 की टेंडर प्रक्रिया में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस शिकायत पर जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।