चाईबासा में महिला से बैग छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान और स्कूटी बरामद

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने महिला से बैग छीनने की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया बैग, नकदी, मोबाइल फोन, चश्मा तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले बड़ी बाजार क्षेत्र निवासी रीतु टोप्पो पैदल जा रही थीं। इसी दौरान दो युवकों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर 3 अगस्त को दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र कच्छप उर्फ बच्चा उरांव (24) और पुरुषोत्तम हांसदा उर्फ डकवा (23) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की स्कूटी, रेडमी मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद, महिला का बैग, पर्स और चश्मा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों किसी अन्य छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।