कोडरमा: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में मंगलवार को सिहास पुल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, मरचोई गांव निवासी मोहित सिंह अपनी अपाचे बाइक से बिहार के नवादा से सतगावां की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बिहार नंबर की स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक कई फीट दूर उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा, जबकि उसकी बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक की सहायता की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने सिहास पुल के आसपास लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन से स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

