गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे बड़ी घटना देवरी थाना क्षेत्र के देवपहाड़ी में हुई, जहां बारिश के दौरान पेड़ के नीचे बैठे युवकों पर बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं तिलैयडीह गांव में खेत में धान की जुताई कर रहे एक किसान की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।


इसके अलावा नवडीहा, गांडेय, गावां, बिरनी और बगोदर क्षेत्रों में भी बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की जान गई और कई घायल हुए। अम्बा सखुआ गांव में दो मवेशियों की भी मौत हो गई तथा तीन चरवाहे घायल हो गए।
घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत नियमों के तहत सहायता देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, जलाशय और पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

