सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने विशेष सर्च अभियान चलाकर 22 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी रवि सरदार और 2 लाख रुपये की इनामी मीना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मीना रवि सरदार की पत्नी है।


अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आरोपियों के कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। बरामद हथियारों और सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसके दौरान तीनों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि सभी लंबे समय से नक्सली संगठन की गतिविधियों में सक्रिय थे और कई मामलों में वांछित थे।
फिलहाल पुलिस संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सरायकेला-खरसावां और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है। साथ ही, नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

