1 सितंबर से सोनारी एयरपोर्ट से उड़ानें बंद करेगा इंडियावन एयर, जमशेदपुर की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा झटका

Spread the love

जमशेदपुर: स्टील सिटी की हवाई कनेक्टिविटी को एक बार फिर बड़ा झटका लगने जा रहा है। क्षेत्रीय एयरलाइन इंडियावन एयर (IndiaOne Air) ने 1 सितंबर 2026 से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट (IXW) से अपनी सभी निर्धारित उड़ानें बंद करने का निर्णय लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एयरलाइन ने कर्मचारियों की कमी और सीमित विमान बेड़े (फ्लीट) को इस फैसले का प्रमुख कारण बताया है। कंपनी का कहना है कि इन परिस्थितियों में जमशेदपुर रूट का संचालन व्यावसायिक रूप से व्यवहारिक नहीं रह गया है।

दरअसल, वर्ष 2026 की शुरुआत से ही एयरलाइन की सेवाओं को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। इससे पहले भी कोलकाता और भुवनेश्वर रूट पर उड़ानों में कटौती की गई थी। इसके बाद उड़ानों में लगातार अनियमितता देखने को मिली और अब 1 सितंबर से सोनारी एयरपोर्ट से सभी सेवाएं बंद करने का फैसला सामने आया है।

गौरतलब है कि कई वर्षों के अंतराल के बाद 31 जनवरी 2023 को सोनारी एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक उड़ानें फिर शुरू हुई थीं। अब सेवाएं बंद होने से उद्योग, व्यापार, कॉर्पोरेट सेक्टर और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, शहर की भविष्य की हवाई कनेक्टिविटी को लेकर अब दलभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना से उम्मीदें और बढ़ गई हैं।