जमशेदपुर में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी, गोलमुरी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र के पलार रोड स्थित क्वार्टर नंबर-47 से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। इस मामले में न्यू सीतारामडेरा जीएल चर्च स्कूल रोड निवासी वी. वी. सत्यनारायण की शिकायत पर गोलमुरी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना 2 अगस्त की बताई जा रही है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के समय घर बंद था। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि शुरुआती जांच में करीब 20 से 25 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।