चाईबासा/जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (FYUGP) सत्र 2022-26 में लगातार हो रही देरी को लेकर छात्र संगठन ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) ने आंदोलन तेज कर दिया है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए उपायुक्त, राज्यपाल-सह-कुलाधिपति, कुलपति, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (DSW) और परीक्षा नियंत्रक (COE) को ज्ञापन सौंपा है।


AJSU का कहना है कि सत्र एक वर्ष से अधिक समय से विलंबित चल रहा है, जिससे अंतिम वर्ष के छात्रों का पीजी में नामांकन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने विश्वविद्यालय को एक वैकल्पिक प्रस्ताव भी दिया है। इसके तहत सेमेस्टर-7 की लिखित परीक्षा के स्थान पर विभागीय स्तर पर असाइनमेंट आधारित मूल्यांकन कराया जाए। छात्र निर्धारित समय पर असाइनमेंट जमा करें, जिसके बाद वाइवा लेकर अंक पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। इससे सेमेस्टर-8 की परीक्षा समय पर आयोजित कराई जा सकेगी।
संगठन ने मांग की है कि सेमेस्टर-8 की परीक्षा और अंतिम परिणाम अक्टूबर 2026 से पहले जारी किए जाएं, ताकि छात्र समय पर पीजी में प्रवेश ले सकें। AJSU ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो हजारों छात्रों के भविष्य को देखते हुए संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।

