पलामू: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सहाद गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देसी लोडेड पिस्टल, चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि सहाद गांव में एक नव निर्मित मकान में कुछ युवक नशे की हालत में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि राहुल कुमार भुइयां और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनके पास मिली बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो बाइक चोरी की है। उन्होंने खुलासा किया कि यह बाइक कुलदीप भुइयां और जितेंद्र भुइयां ने डालटनगंज क्षेत्र से चोरी की थी और बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी।
मोबाइल फोन की जांच में आरोपियों की हथियारों के साथ तस्वीरें मिलने के बाद पुलिस ने उनके घरों में तलाशी ली, जहां से एक देसी लोडेड पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

