जमशेदपुर: LBSM कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची छात्रा को लगा करंट, हालत गंभीर

Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा करंट की चपेट में आकर घायल हो गई। हादसे के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्रा की पहचान सुंदरनगर के नंदूप निवासी रायगुनी बोयपाई के रूप में हुई है। वह मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने कॉलेज पहुंची थी। घटना के बाद उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

छात्रा के अनुसार, बारिश के कारण कॉलेज परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा था। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए निर्धारित गेट बंद होने के कारण वह दूसरे रास्ते से जा रही थी। इसी दौरान पानी से होकर गुजरते समय अचानक उसे तेज बिजली का झटका लगा और वह जमीन पर गिर गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य छात्रों ने किसी तरह उसे संभाला।

घटना के बाद छात्रों और छात्र नेताओं ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि परिसर में पहले भी करंट लगने की घटना हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विद्युत व्यवस्था और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

छात्र नेताओं ने पूरे परिसर की विद्युत व्यवस्था की जांच, क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कॉलेज बंद कराने को लेकर आंदोलन किया जाएगा।