MGM अस्पताल में सरप्राइज जांच, ड्यूटी पर मिले बिना हाजिरी दर्ज कराए कर्मचारी; अब होगी सख्त कार्रवाई

Spread the love

जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी व्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार देर रात अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में अचानक जांच अभियान चलाया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधक और वित्त प्रबंधक ने संयुक्त रूप से सातवीं मंजिल से लेकर ग्राउंड फ्लोर तक विभिन्न वार्डों और विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक कर्मचारी ऐसे मिले, जो ड्यूटी पर मौजूद होने के बावजूद अपनी हाजिरी दर्ज नहीं कराए थे। प्रबंधन ने इसे ड्यूटी व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और भविष्य में निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया। अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पहली बार की लापरवाही को देखते हुए कर्मचारियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया है, लेकिन शनिवार से व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान हाजिरी दर्ज नहीं कराने वाले कर्मचारी को अनुपस्थित माना जाएगा और जरूरत पड़ने पर शो-कॉज नोटिस के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी ज्वाइन करने तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करने का भी निर्देश दिया गया। प्रबंधन ने कहा कि आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा।