जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित कीमती जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त जमीन टाटा लीज या बिहार सरकार से संबंधित है, जहां जबरन चारदीवारी निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों और दूसरे पक्ष के बीच लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान के नजदीक सरकारी या कंपनी लीज की जमीन पर संदिग्ध और असामाजिक तत्वों द्वारा कब्जे का प्रयास सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है। लोगों के विरोध के बावजूद कथित निर्माण कार्य को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। आए दिन कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर स्थिति तनावपूर्ण है और समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप नहीं हुआ तो विवाद बढ़ सकता है। पेट्रोल पंप के समीप किसी अप्रिय घटना की स्थिति में आसपास के रिहायशी इलाके पर भी गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्र के लोगों ने जमशेदपुर जिला प्रशासन और सिदगोड़ा पुलिस से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने जमीन के वास्तविक स्वामित्व की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट करने और किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था की समस्या को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई एवं पुलिस बल की तैनाती की मांग की है।

