जमशेदपुर: डिमना से इस वर्ष 1001 श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। करीब 10 वर्ष पहले 101 कांवरियों के साथ शुरू हुई यह यात्रा अब 1001 श्रद्धालुओं तक पहुंच गई है। विकास सिंह की पहल पर आयोजित इस कांवर यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


यात्रा के प्रस्थान से पहले आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, कुणाल षाड़ंगी, मेयर सुधा गुप्ता समेत कई राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों का शॉल एवं वस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।
आयोजकों के अनुसार, बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से कांवरियों के लिए यात्रा के दौरान निःशुल्क भोजन, आवास, बस सेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरी यात्रा करीब आठ दिनों की होगी।
कांवरिए बस से टाटानगर से सुल्तानगंज पहुंचेंगे, जहां गंगा जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम भी जाएंगे और विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद वापस टाटानगर लौटेंगे।
आयोजकों ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा कराई जा रही है। 101 कांवरियों से शुरू हुई यह धार्मिक यात्रा अब 1001 श्रद्धालुओं तक पहुंच चुकी है। इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने से आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।

