जमशेदपुर: स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में देशभक्ति का माहौल बनाने और लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान से जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से रविवार, 9 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शहर के आम नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल हुए।


तिरंगा हाथों में लेकर यात्रा में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया। यात्रा नेताजी सुभाष मैदान से शुरू होकर जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय गोलचक्कर तक पहुंची। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में तिरंगे लहराते नजर आए और देशभक्ति गीतों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करना हर नागरिक का दायित्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिनेश गोस्वामी और जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई प्रमुख नेता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

