डिमना झील डॉक्टर मौत मामला: पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि, एक डॉक्टर के सिर पर गंभीर चोट के निशान

Spread the love

जमशेदपुर: डिमना झील में दो इंटर्न डॉक्टरों की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस जांच को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। एमजीएम अस्पताल के जूनियर डॉक्टर एवं पलामू निवासी डॉ. सक्षम कुमार की मौत का प्राथमिक कारण पानी में डूबने से सांस रुकना बताया गया है। पोस्टमार्टम के दौरान उनके फेफड़ों में पानी और झागदार पदार्थ पाए गए। रिपोर्ट में उनके शरीर पर दो बाहरी चोट के निशान का भी उल्लेख है, जो दाहिने हाथ की तर्जनी के पास और बाएं कोहनी के पीछे पाए गए हैं।

वहीं, दूसरे मृतक डॉक्टर डॉ. समीर कुमार लाल के सिर के सामने दाहिनी ओर करीब दो सेंटीमीटर गहरी चोट मिली है। रिपोर्ट में चोट वाले हिस्से में रक्त का थक्का, मस्तिष्क में सूजन और रक्तस्राव के संकेत दर्ज किए गए हैं। चिकित्सकों ने सिर की चोट को गंभीर बताया है। रिपोर्ट में डूबने के कारण सांस रुकने को मौत का कारण बताया गया है, जबकि सिर की चोट किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

घटना 23 जुलाई की बताई गई है, जब तीन जूनियर डॉक्टर डॉ. सक्षम कुमार, डॉ. समीर कुमार लाल और डॉ. यश कुमार डिमना झील पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों डॉक्टरों की पानी में डूबने से मौत हुई, जबकि डॉ. यश कुमार सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

दोनों मृतकों के परिजनों ने घटना को लेकर संदेह जताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए चोट के निशानों के बाद पुलिस अब घटनास्थल, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है।