जमशेदपुर में बंद घर में लाखों की चोरी, जेवरात और दो लाख रुपये नकद ले उड़े चोर

Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी न्यू बस्ती में बंद पड़े एक घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के वक्त मकान पिछले 18 दिनों से बंद था। रविवार सुबह मकान मालकिन रिंकी कुमारी सिंह के घर लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ।

जानकारी के अनुसार, रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को निधन हो गया था। इसके बाद वह परिवार के साथ अंतिम संस्कार के लिए बिहार के सिवान गई थीं। रविवार को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के दोनों दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले, जबकि जेवरों के खाली डिब्बे कमरे में बिखरे पड़े थे। इसके अलावा करीब दो लाख रुपये नकद भी चोरी होने की बात सामने आई है।

मकान मालकिन के अनुसार, घर में महिला समूह, चिटफंड और पिता के इलाज से संबंधित रुपये भी रखे थे। उन्होंने कुल नुकसान 30 से 50 लाख रुपये के बीच होने की आशंका जताई है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन सामानों की सूची तैयार होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी में लगी है। परिवार ने डॉग स्क्वायड की मदद की भी मांग की है।