टाटानगर स्टेशन पर 6 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, RPF और रेल पुलिस की कार्रवाई

Spread the love

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ स्पेशल स्क्वाड और रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को करीब 6 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों को आरोपी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर स्टेशन परिसर में जांच अभियान चलाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, बिहार जाने वाली ट्रेन के रवाना होने के समय सुबह स्टेशन परिसर में आरपीएफ स्पेशल स्क्वाड और रेल पुलिस की टीम संदिग्ध यात्रियों एवं सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 6 किलो गांजा बरामद किया गया।

कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल पुलिस के हवाले कर दिया। आरपीएफ के सहायक अवर निरीक्षक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल रेल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और गांजा कहां से लाया गया था तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।