मानगो में निर्माण कार्य के दौरान करंट की चपेट में आया मजदूर, 33 वर्षीय अरविंद महतो की मौत

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के कुमरुम बस्ती में सोमवार को निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से 33 वर्षीय मजदूर अरविंद महतो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अरविंद मकान के पिलर गेट के लिए सेंटरिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान मकान की चहारदीवारी के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार की चपेट में वह आ गया। गंभीर रूप से झुलसे अरविंद को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बाद में शव को एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कुमरुम बस्ती में कपाली निवासी निमाई महतो के निर्माणाधीन मकान में सोमवार दोपहर सेंटरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के समय एक महिला मजदूर भी अरविंद के साथ निर्माण कार्य में लगी हुई थी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

मृतक के चाचा नीलकमल महतो के अनुसार हादसा करीब दोपहर 12 बजे हुआ। परिजन तत्काल अरविंद को इलाज के लिए टीएमएच ले जाने लगे। करीब एक घंटे तक अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांस रुक गई। इसके बाद करीब 1:30 बजे शव को एमजीएम अस्पताल लाया गया।

अरविंद मूल रूप से पश्चिम बंगाल के आमडाबेड़ा का रहने वाला था और करीब 10 वर्षों से जमशेदपुर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वह फदलोगोड़ा के पास रंगाखेना गांव में रिश्तेदार के यहां रह रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

हादसे ने निर्माणाधीन मकानों के आसपास से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। ऐसे स्थानों पर निर्माण कार्य के दौरान बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी और आवश्यक सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।