रांची: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कचहरी रोड स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को विधानसभा घेराव की ओर बढ़ गया। बड़ी संख्या में छात्र आंदोलन स्थल से विधानसभा की ओर रवाना हुए। इसके चलते पूरे दिन स्टेडियम परिसर लगभग खाली नजर आया।


छात्र JPSC-JSSC परीक्षाओं को रद्द करने समेत कई अन्य मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय किया था। इसी के तहत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा की ओर कूच कर गए।
आंदोलन स्थल पर पिछले कई दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन और छात्रों की भीड़ देखी जा रही थी। हालांकि, सोमवार को छात्रों के विधानसभा घेराव के लिए निकलने के बाद स्टेडियम में सन्नाटा पसरा रहा। मौके पर केवल कुछ छात्र ही मौजूद रहे, जबकि अधिकांश प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर रवाना हो चुके थे।
छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों समेत उनकी अन्य मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। विधानसभा घेराव के जरिए छात्र अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने और मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं।

