राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में पिरामिडनुमा ढांचा गिरा, कई यात्री घायल; वाहनों को भी नुकसान

Spread the love

राउरकेला: चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार सुबह एक पिरामिडनुमा ढांचा अचानक गिर गया। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ढांचे के मलबे की चपेट में आने से कई यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

ढांचा गिरते ही स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रेलवे अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढांचा गिरने से स्टेशन परिसर में खड़े कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, कितने वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कुल नुकसान कितना हुआ, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।

हादसे के बाद स्टेशन परिसर में बने ढांचे की सुरक्षा और उसके रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रेलवे प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि ढांचा अचानक क्यों गिरा और इसके पीछे निर्माण या रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं थी। घटना के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।