अवैध बालू कारोबार पर पुलिस की सख्ती, छोटू झा पर शिकंजा; इचागढ़ क्षेत्र से गायब होने की चर्चा

Spread the love

इचागढ़: सरायकेला-खरसावां जिले के इचागढ़ थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से कथित अवैध बालू उत्खनन को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्ती बढ़ गई है। ग्रामीणों के बढ़ते विरोध के बीच बालू कारोबार से जुड़े लोगों में भी हलचल देखी जा रही है। ग्रामीणों ने कथित बालू कारोबारी विवेक झा उर्फ छोटू झा का नाम लेते हुए उसकी गतिविधियों की जांच और अवैध खनन में संलिप्तता पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

इधर, पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस की सख्ती के बाद छोटू झा फिलहाल इचागढ़ क्षेत्र में नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, उसके क्षेत्र से बाहर होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी घाटों से अवैध तरीके से बालू उठाव किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अवैध गतिविधियों को दोबारा बढ़ावा दिया गया तो सामूहिक रूप से पुलिस अधीक्षक से शिकायत की जाएगी।

वरीय पुलिस अधिकारियों ने चांडिल अनुमंडल पुलिस को क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध बालू उत्खनन व परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच करने को भी कहा गया है।

ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस की सख्ती के बाद इचागढ़ क्षेत्र में कथित अवैध बालू कारोबार पर फिलहाल रोक लगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।