सरायकेला: सरायकेला जिले में मतदाता सूची-2026 के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन, दावा-आपत्ति और आगामी विशेष कैंप की जानकारी दी गई।


अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी तरह के संशोधन के लिए 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी।
बताया गया कि पुनरीक्षण के दौरान जिले में कुल 8,92,189 मतदाता दर्ज थे, जिनमें से 7,66,713 मतदाताओं ने गणना फॉर्म जमा किया। विभिन्न कारणों से 1,24,576 फॉर्म शामिल नहीं हो सके। जिले की तीन विधानसभा सीटों में कुल 2,34,432 नोटिस जारी किए गए हैं।
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से ड्राफ्ट सूची की जांच करने और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने पर आवश्यक दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की। 15 अगस्त को विशेष कैंप, 22-23 अगस्त को दूसरा कैंप और 25 अगस्त से 4 सितंबर तक घर-घर सत्यापन किया जाएगा।

