सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितीश कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


जनता दरबार में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद और भू-अर्जन से संबंधित रहे। लोगों ने भू-अर्जन विभाग द्वारा अधिग्रहित जमीन के लंबित मुआवजे का भुगतान कराने की मांग की। इसके अलावा आदित्यपुर क्षेत्र में कचरा डंपिंग के लिए जमीन चिह्नित किए जाने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने और आदित्यपुर नगर निगम की एजेंसी पर कथित लापरवाही से जुड़े मामले भी उपायुक्त के समक्ष रखे गए।
मौज कुचाई क्षेत्र के घोड़ाकुटी, कोपलोंग और कसोमकुटी के लिए अलग-अलग ग्रामसभा के गठन से जुड़ी मांग भी जनता दरबार में उठाई गई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से उपायुक्त को अवगत कराया।
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

