टाटा स्टील ने जमशेदपुर एफसी की हिस्सेदारी चर्चिल ब्रदर्स को सौंपी, ISL लाइसेंस भी होगा ट्रांसफर

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील ने जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (JFSPL) में अपनी इक्विटी हिस्सेदारी चर्चिल ब्रदर्स फुटबॉल क्लब को ट्रांसफर करने पर सहमति जताई है। यह ट्रांसफर टोकन राशि के बदले किया जाएगा। समझौते के तहत चर्चिल ब्रदर्स को जमशेदपुर एफसी का इंडियन सुपर लीग (ISL) स्पोर्टिंग लाइसेंस भी मिलेगा। इस संबंध में शुक्रवार को टाटा स्टील और चर्चिल ब्रदर्स के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। पूरी प्रक्रिया ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के नियमों के तहत पूरी की जाएगी।

समझौते के अनुसार सितंबर 2026 से चर्चिल ब्रदर्स जमशेदपुर एफसी के मौजूदा खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के अनुबंधों को संभालेगा। टीम में फिलहाल 12 खिलाड़ी और दो कोच हैं। इससे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को ISL में अपना पेशेवर फुटबॉल करियर जारी रखने का अवसर मिलेगा।

टाटा स्टील ने स्पष्ट किया है कि फुटबॉल से जुड़ा उसका जमीनी स्तर और युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का काम जारी रहेगा। कंपनी स्थानीय और आदिवासी समुदायों से उभरने वाली प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने पर भी ध्यान देगी।

1987 में स्थापित टाटा फुटबॉल अकादमी ने अब तक 300 से अधिक कैडेट तैयार किए हैं, जिनमें 150 से ज्यादा खिलाड़ी भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। टाटा स्टील अपने मौजूदा खेल ढांचे का इस्तेमाल युवा और ग्रासरूट फुटबॉल के विकास के लिए जारी रखेगी।