जमशेदपुर SIR: BLO की रसीद के बावजूद ड्राफ्ट मतदाता सूची से सैकड़ों नाम गायब, DC ने दिए जांच के आदेश

Spread the love

जमशेदपुर: बागबेड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में SIR के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि समय पर BLO के पास आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म जमा करने और उसकी रसीद प्राप्त करने के बावजूद सैकड़ों पात्र मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। मामले को लेकर आम लोगों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में केवल आम मतदाता ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के कई मुखिया, उपमुखिया और पंचायत समिति सदस्य भी शामिल हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि निर्धारित समय पर दस्तावेज जमा करने और BLO से प्राप्ति रसीद मिलने के बावजूद नाम सूची में नहीं होना चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मामले को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि BLO से रसीद प्राप्त करने वाले पात्र मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से किस आधार पर हटे, इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए। साथ ही छूटे हुए मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्यों और आम नागरिकों के नाम नियमानुसार जल्द से जल्द मतदाता सूची में दोबारा शामिल किए जाएं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मतदाता सूची में इस तरह की कथित गड़बड़ी नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने भविष्य में ऐसी मानवीय त्रुटियों को रोकने के लिए डिजिटल और जमीनी स्तर पर मजबूत निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद उपायुक्त राजीव रंजन ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही गई है।