गिरिडीह में BJYM नेता मिथिलेश यादव की गोली मारकर हत्या, NH जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

Spread the love

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला गांव में शुक्रवार सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) नेता मिथिलेश यादव की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उनका शव शुक्रवार तड़के नेशनल हाईवे पर मिला। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे एक ग्रामीण मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। इसी दौरान उसने सड़क के बीच एक युवक को पड़ा देखा। आसपास के लोगों को सूचना देने के बाद युवक की पहचान हेसला निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई। उनके माथे पर गोली लगने का निशान मिला है।

परिजनों के अनुसार, मिथिलेश यादव GT रोड के पास अपना सर्विस सेंटर चलाते थे। गुरुवार देर रात वह अपनी मां से यह कहकर घर से निकले थे कि वह सर्विस सेंटर पर सोने जा रहे हैं। इसके बाद वह सर्विस सेंटर पहुंचे या रास्ते में उनके साथ कोई घटना हुई, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

हत्या की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर NH जाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए SDPO धनंजय राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बगोदर प्रमुख आशा महतो और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की तकनीकी टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घर से निकलने के बाद मिथिलेश किन लोगों के संपर्क में आए थे और उनका शव हाईवे तक कैसे पहुंचा। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।