गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में कमल का फूल तोड़ने गए दो 13 वर्षीय बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी हार्दिक रजक, पिता शंकर रजक और प्रेम रजक, पिता विष्णु रजक के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।


जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे घर के पास सड़क किनारे स्थित तालाब में खिले कमल के फूल तोड़ने पहुंचे थे। तालाब के एक हिस्से में पानी काफी गहरा था। फूल निकालने के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए।
दोनों बच्चों के साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने उन्हें डूबते देखा और तुरंत गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने इलाके के गहरे और असुरक्षित तालाबों को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे तालाबों के आसपास सुरक्षा के लिए घेराबंदी की जानी चाहिए। पुलिस और प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बच्चों को अकेले गहरे तालाब या जलस्रोतों के पास न जाने दें।

