जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र के भदुडीह में चोरों ने एक जनरल स्टोर को निशाना बनाकर करीब 1.20 लाख रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना टाटा-पटमदा मुख्य सड़क किनारे वन विभाग के चेकनाका के पास स्थित दुकान में हुई। चोर दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर अंदर दाखिल हुए और करीब 30 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।


दुकान संचालक महानंद महतो शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो छत का एक हिस्सा कटा हुआ मिला। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी और कई सामान गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को घटना की सूचना दी।
एक साल में तीसरी बार दुकान में चोरी
बताया जा रहा है कि इसी दुकान में पिछले एक साल के दौरान चोरी की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि दुकान टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के किनारे है, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, 3 अगस्त को बोड़ाम बाजार में एक ज्वेलरी दुकान और बारीयादा स्थित मोबाइल दुकान में भी एस्बेस्टस काटकर चोरी की घटना हुई थी। दोनों मामलों में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई थी। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और पुरानी चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों तक पहुंचने के लिए अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

