आदित्यपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदित्यपुर-1 स्थित शेर पंजाब चौक के समीप बोधी कॉम्प्लेक्स के पास गम्हरिया विकास समिति की ओर से समारोह आयोजित किया गया। समिति के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने सुबह 10:45 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।


ध्वजारोहण से पहले सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान जन गण मन का सामूहिक गायन हुआ।
अपने संबोधन में पुरेंद्र नारायण सिंह ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में कई उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन आज भी देश के सामने अनेक चुनौतियां हैं। उन्होंने सभी देशवासियों से एकजुट होकर इन चुनौतियों का सामना करने और भारत को और मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
समारोह के बाद समाज के 200 वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, पूर्व सैनिकों और समाजसेवियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इससे पहले पुरेंद्र नारायण सिंह ने आदित्यपुर-2, रोड नंबर-10 स्थित कल्याण कुंज सभागार के समक्ष भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
कार्यक्रम में डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, वीरेंद्र यादव, एसएन यादव, रामानंद भक्त, संजय कुमार सिंह, पार्षद धनंजय गुप्ता, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

