जमशेदपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साकची स्थित प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के कार्यालय परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दैनिक हिंदुस्तान के स्थानीय संपादक गणेश मेहता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद क्लब के सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।


अपने संबोधन में गणेश मेहता ने पत्रकारों को देश की स्वतंत्रता के महत्व को समझने और सकारात्मक सोच के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक प्रदीप सिंह ने पत्रकारों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने शहर में एक संगठित प्रेस क्लब परिसर स्थापित करने की दिशा में पहल करने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन क्लब के मुख्य संरक्षक बृजभूषण सिंह ने किया, जबकि उज्ज्वल दर्पण के संपादक जयप्रकाश राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। दैनिक जागरण के यूनिट हेड दिलावर साहू भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय महतो समेत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सामूहिक भोज में भी शामिल हुए।

