सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पहले वंदे मातरम् और इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। उपायुक्त और एसपी मनोज परवियार ने परेड का निरीक्षण किया।


अपने संबोधन में उपायुक्त ने जिले में चल रही विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एसपी के कुशल नेतृत्व में सरायकेला-खरसावां जिला नक्सल मुक्त हो चुका है।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 18 से 49 वर्ष की 1,55,081 महिलाओं को अगस्त 2026 तक ₹2,500 प्रतिमाह की दर से भुगतान किया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 1,01,278 पेंशनधारी लाभान्वित हो रहे हैं।
राष्ट्रीय वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं के 46,067 लाभुकों को अगस्त 2026 तक पेंशन भुगतान की जानकारी दी गई। पूरक पोषण योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के 33,001 बच्चों, 5,420 गर्भवती महिलाओं और 3,156 धात्री माताओं को पोषण आहार एवं टेक-होम राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 3,470 लाभुकों को ₹1.20 करोड़ तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 101 लाभुकों को ₹30.31 लाख का भुगतान किया गया है।
आवास योजनाओं के तहत अब तक अबुआ आवास योजना में 10,057, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में 57,479 और बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना में 1,744 आवास पूरे किए जा चुके हैं। PM-JANMAN के तहत आदिम जनजाति के लिए स्वीकृत 302 आवासों में से 132 पूरे हो चुके हैं।
समारोह में डीडीसी जयवर्धन कुमार, एसडीएम, जिला परिषद उपाध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

