आदित्यपुर में महिला और 2 साल की बेटी लापता, पति ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

Spread the love

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गाजिया निवासी उमेश लोहार ने अपनी पत्नी और दो वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। उमेश का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।

उमेश के अनुसार, उनकी पत्नी ने मायके जाने की बात कही थी। वह उन्हें RIT के पास छोड़कर ड्यूटी पर चले गए। इसके बाद पत्नी ने भाटिया बस्ती में अपनी मां को फोन कर खुद आने की बात कही थी। हालांकि, कुछ देर बाद सास ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी मायके नहीं पहुंची है।

कई बार फोन किया, नहीं मिला जवाब

उमेश ने बताया कि उन्होंने पत्नी के मोबाइल पर करीब 9 से 10 बार फोन किया। फोन की घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में मोबाइल बंद हो गया। ससुराल पक्ष से संपर्क करने पर उन्हें भी महिला के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही गई।

घर पर लगा मिला ताला

उमेश के मुताबिक, जब वह पत्नी के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था और कोई भी परिवार का सदस्य मौजूद नहीं था।

इसके बाद उन्होंने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत देकर पत्नी और दो वर्षीय बेटी को तलाशने की गुहार लगाई है। परिवार दोनों के लापता होने से परेशान है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला व बच्ची की तलाश की जा रही है।