चतरा: चतरा मंडल जेल में बंद TSPC उग्रवादी मंटू गंजू उर्फ दिलेश की मौत के बाद मामला गरमा गया है। मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पोस्ट ऑफिस चौक के पास सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।


बताया गया कि करीब 40 सेना के वाहन भी घंटों जाम में फंसे रहे। स्थिति की जानकारी मिलने पर प्रभारी BDO मनोज गोप, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव और हंटरगंज इंस्पेक्टर विपिन कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस और परिजनों के बीच झड़प
प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिजनों और पुलिस के बीच बहस बढ़ गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने करीब 15 लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ।
₹50 लाख मुआवजा और पत्नी को नौकरी की मांग
परिजनों और समर्थकों ने मंटू की मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने जेल अधीक्षक, सेल गार्ड और अन्य जेलकर्मियों पर कार्रवाई तथा तत्काल निलंबन की मांग की। साथ ही परिवार को ₹50 लाख मुआवजा और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई गई है।
मंटू गंजू करीब दो वर्षों से चतरा मंडल जेल में बंद था। उसकी मौत के कारणों को लेकर परिजन और ग्रामीण नाराज हैं। प्रशासन मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटा है।

