आदित्यपुर: लगातार हो रही बारिश के कारण खड़कई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी का पानी आदित्यपुर खड़कई पुल से महज कुछ फीट नीचे बह रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।


इन इलाकों में बाढ़ का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार राम बहन बस्ती, भाटिया बस्ती, राधास्वामी, बाबा आश्रम और हरिओम नगर को संवेदनशील इलाकों में माना जा रहा है। इन क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ का खतरा अधिक है।
14 अगस्त को ही शेल्टर होम दुरुस्त करने के निर्देश
आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त ने बताया कि एहतियात के तौर पर 14 अगस्त को ही शेल्टर होम की मरम्मत के निर्देश दिए गए थे। आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को शेल्टर होम में रखा जाएगा। वहां लोगों के लिए सूखा भोजन उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन की तैयारियों पर स्थानीय लोगों में नाराजगी
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तैयारियों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि अब तक नगर निगम की ओर से पर्याप्त माइकिंग कर लोगों को स्थिति की जानकारी नहीं दी गई है। लोगों का यह भी कहना है कि शेल्टर होम की मरम्मत का काम अभी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने और लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

