आदित्यपुर: लगातार बढ़ रहे खरकई नदी के जलस्तर से आदित्यपुर और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष, आईजीसी आदित्यपुर के अनुसार, मंगलवार को खरकई नदी का जलस्तर 134.37 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 129.00 मीटर है। यानी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 5.37 मीटर ऊपर बह रहा है।


गांजिया बराज के 15 गेट खोले गए
जलस्तर बढ़ने को देखते हुए गांजिया बराज से पानी की निकासी बढ़ा दी गई है। बराज का जलस्तर 140.2 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 143.70 मीटर है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बराज के 15 गेट खोल दिए गए हैं। इसके अलावा साइफन भी चालू कर दिया गया है।
दोनों बांधों से भी छोड़ा जा रहा पानी
ओडिशा स्थित बैंकबाल और खरकई डैम से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। बैंकबाल डैम का जलस्तर 304.10 मीटर दर्ज किया गया है और इसके दो गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। वहीं खरकई डैम का जलस्तर 311.71 मीटर दर्ज किया गया है और यहां भी दो गेटों के जरिए पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, दोनों बांधों का जलस्तर फिलहाल घट रहा है।
नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के शिफ्ट प्रभारी ने मेमो संख्या 437 के माध्यम से स्थिति की जानकारी मुख्य अभियंता और जमशेदपुर जिला प्रशासन को दी है।
खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर होने के कारण प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी और जलजमाव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।

