सरायकेला: लगातार हो रही बारिश और आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कमारगोडा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। कमारगोडा चौक से बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित पुलिया बारिश के दौरान पानी में डूब जाती है, जिससे इस रास्ते से आवागमन जोखिम भरा हो जाता है।


पुलिया के पास बैरिकेडिंग, पुलिस तैनात
प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान पुलिया के डूबने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ था। इस बार पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिया के पास बैरिकेडिंग की जा रही है और कपाली थाना से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, चांडिल अनुमंडल कार्यालय के स्तर से एक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।
संवेदनशील रास्तों से दूर रहने की अपील
कपाली नगर परिषद के प्रशासक गोपी कृष्णा ने लोगों से तेज बहाव वाले पुल-पुलियों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। खासकर बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने भी लोगों से कमारगोडा समेत अन्य संवेदनशील पुलियों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। उन्होंने आवागमन के लिए ब्राह्मणंदा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है।
चांडिल डैम से पानी छोड़े जाने पर बढ़ सकता है खतरा
अधिकारियों के अनुसार, रांची समेत नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में यदि चांडिल डैम से पानी छोड़ा जाता है, तो कमारगोडा क्षेत्र में जलस्तर और बढ़ सकता है।
इसी संभावना को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

