जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में नदी के तेज बहाव में बह गए 28 वर्षीय टिपू खान का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। करीब दो दिनों से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद NDRF की टीम ने मरीन ड्राइव के पास छठ घाट, शास्त्रीनगर रोड नंबर-5 के समीप नदी किनारे झाड़ियों में फंसा शव बाहर निकाला।


स्थानीय लोगों ने नदी किनारे झाड़ियों में शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और NDRF की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पानी में करीब दो दिनों तक रहने के कारण शव काफी फूल गया था। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर शव की पहचान कराई। पहचान के बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए MGM मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
बताया गया कि 18 अगस्त की रात शास्त्रीनगर में जलजमाव के दौरान टिपू अपने घर का सामान सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और वह पानी में बह गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धार के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद NDRF ने लगातार खोज अभियान चलाया और गुरुवार को शव बरामद हुआ।

