जमशेदपुर रेल अपडेट: सुंदरनगर के पास बनेगा नया रेलवे स्टेशन, टाटानगर में प्लेटफॉर्म 5 से बढ़कर होंगे 9

Spread the love

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम करने के लिए सुंदरनगर के पास नया रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। टाटानगर और हल्दीपोखर के बीच प्रस्तावित इस स्टेशन के सर्वे का काम अंतिम चरण में है। सर्वे रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। शुरुआत में यहां दो प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जबकि भविष्य में स्टेशन का विस्तार किया जाएगा। कुछ ट्रेनों का परिचालन भी यहां से शुरू करने की योजना है। चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने टाटानगर स्टेशन पर जनसंवाद कार्यक्रम के बाद यह जानकारी दी।

डीआरएम के अनुसार, टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या पांच से बढ़ाकर नौ और झारसुगुड़ा में पांच से बढ़ाकर दस की जाएगी। इन कार्यों को दो से तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। चक्रधरपुर स्टेशन पर भी प्लेटफॉर्म बढ़ाए जाएंगे। टाटानगर होकर तीसरी रेल लाइन छह महीने में तैयार करने का प्रयास है, जबकि हावड़ा से झारसुगुड़ा तक चौथी रेल लाइन को मंजूरी मिल चुकी है। आदित्यपुर और सालगाझुड़ी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव तथा गोविंदपुर स्टेशन के पुनर्निर्माण की भी योजना है।

टाटानगर स्टेशन के विकास के तहत बर्मामाइंस रोड ओवरब्रिज को सिग्नेचर फोरलेन ब्रिज में बदलने की योजना है। स्टेशन के मुख्य द्वार और बर्मामाइंस गेट की ओर नई इमारतें बनाई जाएंगी, जिन्हें 36 मीटर चौड़े एसी स्काईवॉक से जोड़ा जाएगा। यहां मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स और वंदे भारत ट्रेन का डिपो बनाने की भी योजना है। यात्रियों की सुविधा के लिए पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस और संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का परिचालन जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए हावड़ा-झारसुगुड़ा रेलखंड पर पांचवीं और छठी लाइन की योजना का सर्वे जारी है। इसके अलावा चांडिल, कांड्रा, गम्हरिया और सीनी सहित विभिन्न रेलखंडों पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की योजनाएं प्रस्तावित हैं। डीआरएम ने यात्रियों से ट्रेनों पर पत्थरबाजी, अनावश्यक चेन पुलिंग और रेलवे ट्रैक के पास रील बनाने से बचने की अपील की। उन्होंने रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, स्वच्छता और नियमों के पालन में सहयोग करने का आग्रह किया।