बोड़ाम: दुकानों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस कर रही पूछताछ

Spread the love

बोड़ाम: पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम प्रखंड के भुला मोड़ और बरियादा इलाके में बुधवार को ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि तीनों युवक अलग-अलग दुकानों में जाकर दुकानदारों से बातचीत कर रहे थे और बाद में उनसे पैसे की मांग कर रहे थे। कई दुकानों पर इसी तरह की गतिविधि सामने आने के बाद दुकानदारों को युवकों पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने आपस में जानकारी साझा की और ग्रामीणों की मदद से तीनों को पकड़ लिया।

युवकों के पकड़े जाने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने युवकों के साथ मारपीट भी की। बाद में उन्हें बोड़ाम थाना पुलिस को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी नीरज कुमार की निगरानी में पुलिस तीनों से पूछताछ कर उनकी पहचान और इलाके में आने के उद्देश्य की जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले बरियादा की मोबाइल दुकान और बोड़ाम की आभूषण दुकान में चोरी की घटनाएं हुई थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुकानदारों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है।