सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में बंद और सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ आमदा ओपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ललन सिंह मोदी उर्फ टिक्का सिंह मोदी को गुलगुलिया बस्ती स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान घर से सोने-चांदी के 80 से अधिक आभूषण बरामद किए गए हैं।


गुप्त सूचना पर घर में छापेमारी
पुलिस को 19 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि खरसावां थाना के आमदा ओपी में दर्ज कांड संख्या 36/26 और 37/26 में चोरी किए गए आभूषण ललन सिंह मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं। SP मनोज परवयारी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर गुलगुलिया बस्ती स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की गई।
पुलिस के पहुंचते ही घर में मौजूद कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर ललन सिंह मोदी को पकड़ लिया। घर की तलाशी के दौरान टीन की अलमारी के नीचे रखे एक बैग से प्लास्टिक की थैली बरामद हुई। इसमें बड़ी संख्या में सोने और चांदी के आभूषण मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद आभूषणों से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चोरी की बात कबूलने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ललन सिंह मोदी ने बंद घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि वह अपने बेटे अनु मोदी, रोशन मोदी और बहुओं रूपा मोदी व कुंती मोदी के साथ सरायकेला, खरसावां और आमदा क्षेत्र में चोरी करता था। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
80 से अधिक आभूषण बरामद
बरामद सामान में 21 बड़ी-छोटी पायल, 9 सोने के लॉकेट, झुमका, नथिया, ताबीज, चांदी के दो पंजे, बच्चों के 7 बिछिया, दो कंगन, तीन हार, तीन गले की चेन, अंगूठी, त्रिशूल और मां दुर्गा का लॉकेट समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की दो सिल्लियां भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, कुल 80 से अधिक आभूषण और अन्य कीमती सामान जब्त किए गए हैं। मामले में 19 अगस्त 2026 को BNS की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

