सरायकेला: सदर अस्पताल से बाइक चोरी के मामले में 24 घंटे के अंदर दो आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक बरामद

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला सदर अस्पताल परिसर से बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति अपनी पत्नी का इलाज कराने सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचा था। उसने अपनी बाइक संख्या JH05CZ-2871 अस्पताल परिसर में खड़ी की थी। इलाज के बाद बाहर निकलने पर बाइक वहां नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला, जिसके बाद पीड़ित ने सरायकेला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP मनोज परवयारी के निर्देश पर सरायकेला अंचल निरीक्षक राजेश टुडू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच शुरू की। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय सूरज नाथ, निवासी लखीपुर, राजनगर थाना क्षेत्र और 26 वर्षीय अभिषेक महतो, निवासी दुगनी, जोरडीहा, सरायकेला थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर बाइक चोरी के अन्य मामलों और चोरी की गई मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।